जमडीहा में सूर्य नारायण मंदिर प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा | Bhavy kalash yaatra


प्रतिनिधि, पलामू :
पलामू के ऊंटारी रोड प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत करकट्टा जमडीहा गांव में गुरुवार को सूर्य नारायण महायज्ञ की तैयारी को लेकर निकाली गई भव्य कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र का माहौल धार्मिक उल्लास से भर दिया। हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लिए गाजे-बाजे के साथ शामिल हुए। श्रद्धालु बाँकी-कोयल नदी संगमतट पहुंचे, जहां से पवित्र जल को कलश में भरकर विधि-विधान के साथ यज्ञ स्थल तक लाया गया।

यह महायज्ञ जगदगुरु रामानुजाचार्य श्री सर्वेश्वराचार्य स्वामी महाराज के सानिध्य में संपन्न कराया जा रहा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष धनंजय कुमार मेहता ने बताया कि महायज्ञ 23 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक पांच दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन कथा, प्रवचन और भक्ति संगीत का कार्यक्रम आयोजित होगा। 27 अक्टूबर को नवनिर्मित सूर्य मंदिर में भगवान सूर्य की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा एवं यज्ञ की पूर्णाहुति वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ की जाएगी। छठ पर्व के दौरान श्रद्धालु इसी सूर्य मंदिर में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि 28 अक्टूबर को विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
कलश यात्रा को देखने और इसमें शामिल होने के लिए आसपास के गांवों से श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ उमड़ पड़ी। यात्रा के दौरान जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा और सड़कें आस्था से सराबोर हो गईं।

इस अवसर पर कांग्रेस बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया, उन्होंने कहा कि “ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, शांति और सद्भाव का संदेश प्रसारित होता है।” अशोक सिंह ने नवनिर्मित सूर्य मंदिर की सराहना करते हुए कहा कि यह मंदिर क्षेत्र के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनेगा। उनके नेतृत्व और सहयोग से कार्यक्रम के आयोजन में व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिसके लिए ग्रामीणों ने उनका आभार व्यक्त किया।

पूरे आयोजन स्थल को रंग-बिरंगी झंडियों, तोरण द्वारों और पुष्प सज्जा से सजाया गया था, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में डूबा नजर आया। श्रद्धालुओं में सूर्य मंदिर के उद्घाटन को लेकर गहरा उत्साह देखा जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने