✍️ धनंजय तिवारी
पलामू के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोबला के जंगली क्षेत्र में ताल पिकेट के पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों द्वारा अवैध अफीम की खेती का पता लगाया गया। जांच के क्रम में वन भूमि पर लगभग 02 एकड़ क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती पाई गई। उक्त कार्रवाई के दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें अवैध अफीम की खेती करने पर होने वाली कानूनी कार्रवाई एवं दुष्परिणामों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके उपरांत ग्राम जोबला में पाई गई अवैध अफीम की खेती को पूर्ण रूप से विनष्ट कर दिया गया।
इसी क्रम में ग्राम मुक्ता के जंगलों में भी वन भूमि पर लगभग 03 एकड़ क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। उक्त अवैध खेती में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान एवं नाम-पता सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है। अवैध अफीम की खेती में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध वन विभाग द्वारा वन अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि मादक पदार्थों की अवैध खेती एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, तथा दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
Tags
पलामू
