✍️ धनंजय तिवारी
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की पलामू जिला कमिटी की विस्तारित बैठक कृष्ण मुरारी दुबे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिला सचिव रूचिर कुमार तिवारी ने किया। बैठक की शुरुआत में राज्य कार्यकारिणी सदस्य जितेंद्र सिंह ने पार्टी के साथी शेर मोहम्मद, इप्टा के पूर्व अध्यक्ष शैलेश कुमार, आजसू नेता सतीश कुमार, सिने अभिनेता धर्मेंद्र कुमार तथा सुदना निवासी राहुल पाठक के निधन पर शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।बैठक में पार्टी के वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता सूर्यपत सिंह ने आगामी 26 दिसंबर को पार्टी के स्थापना दिवस को धूमधाम से मनाने और पार्टी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और इसे आत्मसात करने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के सवालों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला सचिव सह डालटनगंज विधानसभा के पूर्व विधायक उम्मीदवार रूचिर कुमार तिवारी ने कहा कि आज देश और राज्य में भ्रष्टाचार एवं अराजकता का माहौल बना हुआ है। झारखंड में कांग्रेस के ऑडियो लीक मामले के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि हेमंत सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है और अफसरशाही हावी है। उन्होंने कहा कि भले ही भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी झारखंड विधानसभा में मौजूद नहीं है, लेकिन पार्टी सड़क पर उतरकर आम जनता के साथ लगातार संघर्ष करती रही है।
उन्होंने ऐलान किया कि भ्रष्ट पदाधिकारियों और जनविरोधी सरकार पर लगाम लगाने के लिए सीपीआई 26 दिसंबर को पलामू उपायुक्त के समक्ष जोरदार प्रदर्शन करेगी, जिसमें गांव-गांव से पार्टी कार्यकर्ता भाग लेंगे। रूचिर कुमार तिवारी ने पलामू प्रमंडल में आयुक्त का पद पिछले छह महीनों से रिक्त रहने, कई अंचलों में अंचलाधिकारियों के प्रभार पर काम करने और निगम क्षेत्र में जनता से होल्डिंग टैक्स वसूली के बावजूद बुनियादी जनसुविधाओं की अनदेखी पर गंभीर चिंता जताई।
बैठक में राज्य कमेटी सदस्य राजेंद्र बैठा, उमेश सिंह चेरो, मनाजरूल हक, शमशुद्दीन अंसारी, जनेश्वर राम, प्रभु साव, नसीम राइन, सोनू अहमद, रंग बहादुर सिंह, शंभू सिंह चेरो, निरंजन कमलापुरी, करीमन पासवान, मोहन सिंह, ललन सिन्हा, गनौरी भुइंया, अभय कुमार भुइंया, देवानंद बढ़ईक, छोटू पासवान, लालू सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
Tags
पलामू
